25 अक्टूबर 2026, रवि

रैफल्स यूनिवर्सिटी में ‘वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स’ अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ

रैफल्स यूनिवर्सिटी में ‘वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स’ अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ

नीमराना/राजस्थान 25 अक्टूबर 2026 ।कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना में रैफल्स यूनिवर्सिटी में रविवार को तीन दिवसीय ‘वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स’ अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। 25 से 27 अक्टूबर तक आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य साहित्य, संस्कृति और बौद्धिक विमर्श के माध्यम से वैश्विक संवाद एवं अंतर-सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है।
रैफल्स यूनिवर्सिटी द्वारा डॉ. ज्ञानेश्वर मुले फाउंडेशन तथा फाउंडेशन फॉर कल्चर, आर्ट्स एंड लिटरेचर (FOCAL) के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में लगभग 50 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं तथा करीब 30 भारतीय वक्ताओं की सहभागिता निर्धारित है। महोत्सव के अंतर्गत 34 सत्रों में साहित्य, संस्कृति,समाज, पहचान,कूटनीति और समकालीन वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। रैफल्स यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजेंद्र सिंह सांगवान ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। डॉ. ज्ञानेश्वर मुले फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. ज्ञानेश्वर मुले तथा फाउंडेशन फॉर कल्चर,आर्ट्स एंड लिटरेचर के ट्रस्टी कल्याण चक्रवर्ती ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में हर्षवर्धन श्रृंगला, संसद सदस्य एवं भारत सरकार के पूर्व विदेश सचिव; आयरलैंड की फिक्शन पुरस्कार विजेता डॉ. एलिस नी धिभ्ने तथा राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण ने अपने विचार साझा किए। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर से लोकसभा सांसद भूपेंद्र यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अध्यक्षीय संबोधन दिया।
महोत्सव के दौरान साहित्यिक चर्चाएँ, लेखकों से संवाद, फायरसाइड चैट, पुस्तक विमोचन, पुस्तक हस्ताक्षर सत्र, पुस्तक प्रदर्शनी, संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, लेखकों और साहित्य प्रेमियों को प्रतिष्ठित साहित्यकारों एवं विचारकों से संवाद करने का अवसर मिलेगा।
रैफल्स यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजेंद्र सिंह सांगवान ने महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभिन्न संस्कृतियों और बौद्धिक परंपराओं को एक मंच पर लाना वैश्विक समझ, रचनात्मकता तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महोत्सव का समापन 27 अक्टूबर 2026 को रैफल्स यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित समारोह के साथ होगा। यह आयोजन नीमराना को अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संवाद के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है।

रैफल्स यूनिवर्सिटी में ‘वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स’ अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026 का हुआ शुभारंभ
रैफल्स यूनिवर्सिटी में वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स कार्यक्रम के शुभारंभ पर मौजूद अतिथिगण.

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You Missed