29 सितम्बर 2026, मंगल

विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठकों में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

खैरथल-तिजारा, 29 सितम्बर। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक सहित विभिन्न जिला स्तरीय समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आमजन से जुड़े प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
*साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश*
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिविल एमिनिटीज से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रखा जाए तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से विद्युत विभाग (जेवीवीएनएल), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी), नगर निकाय, परिवहन विभाग सहित आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े विभागों को लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिवादियों से आवश्यकतानुसार संवाद एवं वार्ता कर प्रकरणों का समाधान करने तथा ऑटो एस्केलेशन रेट को कम करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक परिवादों का निस्तारण निचले स्तर पर ही सुनिश्चित हो सके।
*बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समिति की बैठक आयोजित*
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने जिले के लिंगानुपात में प्रतिवर्ष 2 प्रतिशत सुधार का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संयुक्त रूप से डिकॉय ऑपरेशन करवाने के निर्देश दिए, ताकि अवैध रूप से भ्रूण के लिंग की पहचान करवाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला कलेक्टर ने बालिकाओं के स्कूल ड्रॉपआउट की संख्या कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा विद्यालय नहीं आने वाली बालिकाओं के अभिभावकों से संपर्क कर उनके विद्यालय आने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाड़ो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र एवं नियमानुसार निस्तारण योग्य आवेदनों का समय पर निस्तारण किया जाए तथा अपात्र आवेदनों को नियमानुसार अस्वीकृत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को बिना वैध कारण के अस्वीकृत नहीं किया जाए और अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित रखकर नहीं बैठे रहें।
*महिला समाधान समिति एवं वन स्टॉप सेंटर प्रबंधन समिति की बैठक*
जिला स्तरीय महिला समाधान समिति एवं वन स्टॉप सेंटर प्रबंधन समिति की बैठक भी जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में घरेलू हिंसा से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को काउंसलिंग के माध्यम से मामलों के निस्तारण के प्रयास करने के निर्देश दिए। शेष प्रकरणों में नियमानुसार एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के लिए भवन निर्माण की कार्रवाई को उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए।
*पर्यावरण समिति की बैठक में पौधारोपण लक्ष्यों की समीक्षा*
पर्यावरण समिति की बैठक में जिला कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीएक्यूएम द्वारा निर्धारित पौधारोपण लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, नगर परिषद भिवाड़ी, शिक्षा, रीको सहित अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने निर्धारित पौधारोपण लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में खनन विभाग के अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला कलेक्टर ने मोर पक्षी के संरक्षण के लिए अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सीएक्यूएम से संबंधित लक्ष्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए गूगल ड्राइव पर निर्धारित फॉर्मेट तैयार कर नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
*टेलीकॉम समिति की बैठक में सुरक्षा एवं समन्वय पर जोर*
टेलीकॉम समिति की बैठक में जिला कलेक्टर ने दूरसंचार कंपनियों को Call Before You Dig के प्रावधानों के अनुसार सीबीयूडी (CBUD) ऐप के माध्यम से संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विकास कार्यों के दौरान किसी विभाग को वित्तीय नुकसान अथवा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा से बचाया जा सकेगा।

उन्होंने दूरसंचार कंपनियों द्वारा गड्ढे खोदने के दौरान आवश्यक सुरक्षा संकेतक (सेफ्टी साइन) लगाने तथा सेफ्टी सर्टिफिकेट संबंधित एसडीएम कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए।
साथ ही सभी नगर पालिकाओं को सीबीयूडी ऐप पर पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए गए, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का विकास कार्य प्रस्तावित होने पर ऐप के माध्यम से संबंधित विभागों को समय पर जानकारी प्राप्त हो सके और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
*एचपीवी टीकाकरण बढ़ाने एवं जागरूकता के निर्देश*
साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण का कवरेज बढ़ाने तथा बच्चों एवं अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के संबंध में जागरूक करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं एवं लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें तथा आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान आंतरिक जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग धर्मवीर यादव, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग रूप सिंह गुर्जर, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास सतपाल, कोषाधिकारी गोपाल कालरा, जिला रोजगार अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *