नीमराना/राजस्थान 27 अक्टूबर 2026 ।
रैफल्स यूनिवर्सिटी, नीमराना में आयोजित तीन दिवसीय ‘वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स’ अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव 2026 का समापन समारोह मंगलवार को विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में साहित्य, संस्कृति और कूटनीति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय संवाद एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्त्व को रेखांकित किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत-सम्मान के साथ हुआ। रैफल्स यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजेंद्र सिंह सांगवान ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। महोत्सव के निदेशक एवं पूर्व विदेश सचिव डॉ. ज्ञानेश्वर मुले ने तीन दिवसीय आयोजन की यात्रा और इसकी प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने साहित्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने साहित्य को विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और विचारों को जोड़ने वाला सशक्त माध्यम बताया, जो समाज में ज्ञान, संवेदनशीलता और पारस्परिक समझ को बढ़ावा देता है। उन्होंने ऐसे अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक आयोजनों को लेखकों, राजनयिकों, शिक्षाविदों और विचारकों के बीच संवाद स्थापित करने तथा वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का महत्त्वपूर्ण मंच बताया।
कार्यक्रम में भारत के पूर्व राजनयिक नवदीप सूरी, ऑस्ट्रेलिया की लेखिका फेलिसिटी वोल्क और दक्षिण अफ्रीका के लेखक मंडला लंगा सहित अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के संबोधन निर्धारित थे। मेगा फंड इनिशिएटिव के अध्यक्ष,निवेश बैंकर एवं वेंचर कैपिटलिस्ट सतीश मेहता ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।
महोत्सव के तीन दिनों के दौरान साहित्य,कविता,संस्मरण,अंतर्राष्ट्रीय संबंधों,कूटनीति और सांस्कृतिक पहचान जैसे विषयों पर आधारित 34 सत्रों के माध्यम से भारतीय एवं अंतर्राष्ट्रीय वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। विभिन्न सत्रों ने प्रतिभागियों को विविध साहित्यिक परंपराओं, वैश्विक चुनौतियों और अंतर-सांस्कृतिक समझ के विभिन्न आयामों से परिचित होने का अवसर प्रदान किया।
समारोह के अंत में महोत्सव के मुख्य क्यूरेटर एवं समन्वयक राहुल जैन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए और राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रैफल्स यूनिवर्सिटी द्वारा डॉ. ज्ञानेश्वर मुले फाउंडेशन तथा फाउंडेशन फॉर कल्चर, आर्ट्स एंड लिटरेचर (FOCAL) के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव साहित्य और संस्कृति के माध्यम से वैश्विक संवाद को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल रहा। इस आयोजन ने नीमराना को अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान के मंच के रूप में प्रस्तुत किया।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की गरिमामयी उपस्थिति में ‘वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स’ अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव का समापन. साहित्य, संस्कृति और कूटनीति के वैश्विक संवाद का साक्षी बना रैफल्स यूनिवर्सिटी.

