नीमराना।रैफल्स विश्वविद्यालय, नीमराना में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजेन्द्र सिंह सांगवान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया तथा 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना ही एक सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र की आधारशिला है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी डीन, प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ग्रहण की तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं विचारों को स्मरण करने के साथ-साथ सभी को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करने वाला रहा।
इस आयोजन के माध्यम से रैफल्स विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के अपने संकल्प को पुनः दोहराया।

