सचखण्ड हॉस्पिटल में अत्याधुनिक MRI एवं एडवांस CT स्कैन मशीन का हुआ शुभारंभ.
नीमराना एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को मिलेगी आधुनिक जांच सुविधाओं की सौगात,अब MRI जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर.
कोटपूतली बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए सचखण्ड हॉस्पिटल, नीमराना में आज अत्याधुनिक MRI एवं एडवांस CT स्कैन मशीन का शुभारंभ हुआ है। विशेष बात यह है कि नीमराना में पहली बार MRI जांच की सुविधा उपलब्ध हुई है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। स्थानीय स्तर पर इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों एवं उनके परिजनों को समय,यात्रा एवं अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ह्रदय रोग विशेषज्ञ एवं सांसद रहे डॉ. करण सिंह यादव तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आर.सी. यादव ने की।
कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि डॉ. वी.डी. गुप्ता,डॉ. एस.एम. यादव, डॉ. सुरेश यादव,डॉ. राजशेखर यादव, डॉ. चारू गुप्ता, डॉ. आदर्श अग्रवाल एवं डॉ. अजीत यादव सहित क्षेत्र के अनेक चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सचखण्ड हॉस्पिटल निदेशक डॉ. गजराज यादव ने बताया कि अस्पताल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य नीमराना एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नीमराना जैसे औद्योगिक एवं तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में MRI जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा का उपलब्ध होना स्थानीय समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि MRI मशीन की सहायता से मस्तिष्क,रीढ़ की हड्डी,जोड़ों,मांसपेशियों एवं शरीर के विभिन्न अंगों की उच्च गुणवत्ता वाली विस्तृत जांच संभव होगी। वहीं एडवांस CT स्कैन मशीन दुर्घटनाओं, सिर की चोट, स्ट्रोक एवं अन्य गंभीर बीमारियों की त्वरित जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अस्पताल की प्रबंधक सुमन यादव ने कहा कि इन आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ केवल नीमराना ही नहीं,बल्कि आसपास के गांवों,औद्योगिक क्षेत्रों एवं ग्रामीण समाज को भी मिलेगा। इससे मरीजों को जांच के लिए दूर जाने की परेशानी कम होगी और समय पर बीमारी की पहचान कर उचित उपचार शुरू करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सचखण्ड हॉस्पिटल का निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग को आधुनिक,विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने घर के नजदीक उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर सचखण्ड अस्पताल के संरक्षक नत्थूराम नम्बरदार सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक एवं अस्पताल के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को दोहराया।

