निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कराने के दिए निर्देश
कोटपूतली-बहरोड़, 12 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत कलेक्ट्रेट परिसर कोटपूतली में जिला परिषद के सभी 27 सदस्य हेतु 13 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 16 अक्टूबर तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित वार्डों के नामांकन कक्षों के निरीक्षण के दौरान संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित कि 16 अक्टूबर तक चलने वाली जिला परिषद सदस्य के नामांकन की प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप पूर्ण कराया जावे। उन्होंने निर्देश दिये कि नामांकन हेतु अभ्यर्थियों को नामांकन प्रक्रिया की सम्पूर्ण जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाए, जिससे नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पडे। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में जिला परिषद सदस्य हेतु अभ्यर्थी 13 से 16 अक्टूबर तक प्रातः 11 बजे से 3 बजे तक (सार्वजनिक अवकाश को छोडकर) नामांकन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अंतिम समय की भीड़ एवं किसी दस्तावेज की कमी के कारण होने वाली परेशानी से बचने के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और नामांकन पत्र के प्रत्येक कॉलम को सावधानीपूर्वक भरकर यथाशीघ्र जमा करावे।
*जिला परिषद सदस्य पद हेतु यहां कर सकेंगे नामांकन*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र के क्रमांक/वार्ड 1 से 14 के लिए नाम निर्देशन पत्रा कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित कोर्ट रूम के कक्ष संख्या 6 में अतिरिक्त रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीएम द्वारा लिए जाएंगे। इसी प्रकार जिला परिषद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र के क्रमांक/वार्ड 15 से 27 के लिए नाम निर्देशन पत्र कलेक्ट्रेट परिसर के सभागार में अतिरिक्त रिटर्निंग अधिकारी एवं एसीएम द्वारा लिए जाएंगे। आवेदन कर्ताओं की सहायतार्थ परिसर में 3 हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं जिनमे वार्ड 1-9 के लिए हेल्प डेस्क नंबर 1, वार्ड 10-18 के लिए हेल्प डेस्क नंबर 2 एवं वार्ड 19-27 के लिए हेल्प डेस्क नंबर 3 निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आवेदनकर्ता से कहा कि नामांकन करते समय आयोग द्वारा जिला परिषद सदस्य हेतु निर्धारित 20 चुनाव चिन्हों के अनुरूप ही आवेदन करें, फॉर्म में वैध, पूर्ण एवं सत्य जानकारी ही भरे जिससे नामांकन में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
*पंचायत समिति सदस्यों के पद हेतु नामांकन*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13 से 16 अक्टूबर को पंचायत समिति कोटपूतली, पावटा, नारायणपुर एवं बानसूर के सदस्यों के चुनाव निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम अनुसार द्वितीय में किए जाने है। उक्त पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) के समक्ष 13 से 16 अक्टूबर तक प्रात 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएँगे। जिले की शेष पंचायत समितियों नीमराणा, बहरोड़, विराटनगर एवं मेड़-कुंडला के लिए दिनांक 19 अक्टूबर से 23 अक्टूबर को आवेदन किए जा सकेंगे।
*नामांकन कैलेंडर*
द्वितीय चरण में नाम निर्देशन हेतु समय सारणी के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियम 58 के अंतर्गत निर्वाचन की लोकसूचना जारी करने की तिथि 13 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) अपराह्न 3:00 बजे तक रहेगी। इस दौरान सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रातः 11:00 बजे से की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा तथा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

