12 अक्टूबर 2026, सोम

निर्धारित दर पर उर्वरक बिक्री, पॉश मशीन से शत-प्रतिशत विक्रय एवं कालाबाजारी रोकने के दिए निर्देश

कोटपूतली-बहरोड़, 12 अक्टूबर।रबी फसल की बुवाई के मद्देनजर कृषि आदान की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं कृषि विभाग के दिशा-निर्देशों की पालना के लिए सोमवार को मोरीजावाली धर्मशाला में कोटपूतली एवं पावटा ब्लॉक के निजी एवं सहकारी समितियों के कृषि आदान विक्रेताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. प्रमोद कुमार यादव ने प्रशिक्षण के दौरान कृषि आदान विक्रेताओं को लाइसेंस प्रक्रिया, स्टॉक रजिस्टर एवं बिल बुक के संधारण सहित आवश्यक विभागीय नियमों की जानकारी दी। उन्होंने विक्रेताओं से नियमानुसार कार्य करते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा विभागीय निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यालय के सहायक निदेशक कृषि डॉ. रामजीलाल यादव ने कृषि आदान विक्रेताओं को निर्धारित दरों पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, डायवर्जन एवं अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। सभी विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित करने तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के संबंध में जागरूकता बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

सहायक निदेशक कृषि, बहरोड़ डॉ. सौरभ गर्ग ने उर्वरकों की शत-प्रतिशत बिक्री पॉश मशीन के माध्यम से करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एसएसपी एवं एनपीके उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा फसल की आवश्यकता के अनुसार निर्धारित मात्रा में ही उर्वरक विक्रय करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि उर्वरकों के अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी की शिकायत प्राप्त होने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ) के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी से संबंधित अधिनियमों तथा उनके प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर कृषि आदान विक्रेता संघ के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल ने विभागीय दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य रबी सीजन में किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराना तथा उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You Missed