10 अक्टूबर 2026, शनि

जिला कलेक्टर ने भिवाड़ी में विकास कार्यों का किया निरीक्षण. एसटीपी, जिला अस्पताल, बीड़ा स्टेडियम, साइकिल ट्रैक एवं फूड कोर्ट के कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश

जिला कलक्टर भिवाड़ी में विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए

खैरथल-तिजारा, 9 अक्टूबर। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने शुक्रवार को भिवाड़ी क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

जिला कलेक्टर ने सबसे पहले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट में शेष फिनिशिंग कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इन्हें नवंबर माह में सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि इसका समुचित संचालन सुनिश्चित हो सके।

इसके पश्चात जिला कलेक्टर ने जिला अस्पताल भिवाड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यकारी एजेंसी के इंजीनियर से निर्माण कार्य में हो रही देरी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने देरी पर नाराजगी जताते हुए इंजीनियर को सख्त हिदायत दी तथा शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए,ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिला कलेक्टर ने भिवाड़ी बीडा स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेडियम में लाइटिंग व्यवस्था को सुचारू रखने तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही स्टेडियम में शेष निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने भिवाड़ी में विकसित किए जा रहे साइकिल ट्रैक का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति एवं शेष कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा साइकिल ट्रैक को निर्धारित समय पर तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।

इसके अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने भिवाड़ी में निर्माणाधीन फूड कोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए। कार्यों में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि भिवाड़ी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो और आमजन को विकास कार्यों का शीघ्र लाभ मिल सके।

इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडा गिरधर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिला कलक्टर भिवाड़ी में विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए
एसटीपी, जिला अस्पताल, बीड़ा स्टेडियम, साइकिल ट्रैक एवं फूड कोर्ट के कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You Missed